बाढ़ प्रभावित 8.27 लाख परिवारों को डीबीटी से राहत राशि देना संवेदनशील सरकार का प्रमाण : संजय सरावगी

बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत राशि
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में आनुग्रहिक राहत राशि अंतरित किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्णय की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और जनहितकारी पहल बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत, सहायता एवं पुनर्वास के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और प्रभावित क्षेत्र
संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण डीबीटी के माध्यम से 579.23 करोड़ रुपये की आनुग्रहिक राहत राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रत्येक प्रभावित परिवार को 7 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। बिहार के 15 जिले, 88 प्रखंड, 575 ग्राम पंचायत, 2,642 गांव और 21 शहरों के 136 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। करीब 50 लाख लोग बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हुए हैं, जबकि लगभग 55 हजार हेक्टेयर भूमि पर बाढ़ का असर पड़ा है।
केंद्र सरकार का सहयोग और पुनर्वास कार्य
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बिहार में बाढ़ की स्थिति और इससे प्रभावित लोगों को लेकर लगातार चिंता कर रहे हैं। केंद्र सरकार बिहार की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ब्यूल्ड बैक बेटर देन बिफोर यानी पहले से बेहतर पुनर्निर्माण की थीम पर कार्य करने का निर्देश दिया है।