सुपौल में संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर का हुआ निरीक्षण

सुपौल में श्री गुरु संत रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में विकास शिविर का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने दिनापट्टी पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों से बातचीत कर आवेदनों की जानकारी ली।
शिविर में सबसे अधिक आवेदन नया राशन कार्ड बनवाने से संबंधित प्राप्त हुए। इसके अलावा दिव्यांगता से संबंधित सरकारी लाभ के लिए भी लोगों ने आवेदन दिए। उप विकास आयुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि अधिकतर आवेदनों का निष्पादन दो से तीन दिनों के अंदर कर दिया जाता है। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर से पहले क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है।
शिविर के दौरान स्थानीय मुखिया सहित सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। सभी आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष निष्पादन के लिए प्रस्तुत किए गए।