सारण के छपरा सेंट्रल पब्लिक स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन, 200 छात्राओं ने लिया हिस्सा

सारण, 27 अगस्त (हि.स.)। छपरा सेंट्रल पब्लिक स्कूल में छात्राओं की रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं से 12वीं तक की 200 से अधिक छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी उत्कृष्ट कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का संचालन और निर्णय
कार्यक्रम का सफल समन्वय विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. विकाश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सीमा मिश्रा, प्रकाश श्रीवास्तव, अविनाश पांडे और शिव शंकर कुमार शामिल रहे, जिन्होंने डिजाइनों की बारीकी और रचनात्मकता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
विजेताओं का सम्मान
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं की प्रतिभा निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव को मजबूत करते हैं। अंत में विजेताओं को सम्मानित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।