नेपाल से पानी छोड़ने पर सारण में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

Ghazala Saheb26 August 20261 min read63 viewsBihar
नेपाल से पानी छोड़ने पर सारण में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

नेपाल से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण सारण जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है और इसे लेकर जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों ने प्रत्यक्ष व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया।

प्रशासनिक निर्देश और तैयारियां

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पूरी तत्परता से ड्यूटी पर तैनात रहने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि बिना सक्षम अनुमति के कोई भी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे नजर रखने, पर्याप्त बालू-बोरी की व्यवस्था करने और अभियंताओं को लगातार तटबंधों के निरीक्षण का आदेश दिया गया है। सभी बीडीओ को क्षेत्रों में माइकिंग कराकर लोगों को सतर्क करने को कहा गया है।

नावों और आवागमन पर प्रतिबंध

दियारा क्षेत्रों में ओवरलोडिंग रोकने और अंधेरे में नाव चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। नावों पर लाइफ जैकेट की उपलब्धता अनिवार्य की गई है। प्रखंडों में सुरक्षित स्थानों पर कम्युनिटी किचन, सूखा राशन, पॉलीथिन शीट, जनरेटर और टेंट की तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में एंटी-वेनम, ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन टैबलेट और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है।

पुलिस और सोशल मीडिया पर निगरानी

एसएसपी रोशन कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि उन्हें अपने इलाके में कम्युनिटी किचन, ऊंचे आश्रय स्थलों और मेडिकल सुविधाओं की सटीक जानकारी होनी चाहिए। चौकीदारों को सक्रिय कर वायरलेस, मोबाइल और व्हाट्सएप ग्रुप को 24 घंटे चालू रखने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों की सख्त निगरानी और त्वरित फैक्ट-चेक का आदेश दिया गया है ताकि अफवाह न फैले।

Share:

Comments

Leave a comment