सारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण और चारे का प्रबंध तेज

सारण जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच जिला प्रशासन मानव जीवन के साथ-साथ मवेशियों के संरक्षण के लिए पूरी तरह तत्पर है। जिला पशुपालन पदाधिकारी के निर्देशन में बाढ़ प्रभावित ग्रामीण इलाकों में लगातार काम हो रहा है।
पशुओं के लिए चिकित्सा और चारे की व्यवस्था
रिविलगंज, लहलादपुर और छपरा सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित ग्रामीण इलाकों में पशुओं के लिए चिकित्सा, आवश्यक दवाएं और सूखा चारा वितरण की व्यवस्था लगातार और सुचारू रूप से जारी है। डोरीगंज पशु आश्रय स्थल और चिरांद स्थित तापसी उच्च विद्यालय राहत केंद्र पर पशुओं की विशेष देखरेख की जा रही है, जहाँ समय पर चारे की गाड़ियां पहुंच चुकी हैं।
विशेष पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन
गड़खा प्रखंड की मौजमपुर पंचायत में एक विशेष पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में भ्रमणशील पशु चिकित्सा अधिकारियों और एमवीयू टीम द्वारा बाढ़ पीड़ित पशुओं की मुफ्त जांच, दवा वितरण और उचित चिकित्सीय परामर्श देकर पशुपालकों को हरसंभव राहत पहुंचाई जा रही है।