सारण जिले में बाढ़ का कहर जारी: 8 प्रखंडों के 121 गांव प्रभावित, प्रशासन ने तेज किए राहत और बचाव कार्य

सारण जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है और जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, जिले के 08 प्रखंडों के 39 पंचायत और नगर पंचायत क्षेत्रों के कुल 121 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इस आपदा से 2,37,152 से अधिक की आबादी प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुई है।
राहत और बचाव कार्य
प्रशासन ने अब तक 1,200 जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और राहत सामग्रियों के वितरण के लिए कुल 198 नावों का निरंतर परिचालन किया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए 06 बोट एंबुलेंस और 26 मेडिकल कैंप सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। मोबाइल मेडिकल टीमों के माध्यम से अब तक 2,449 मरीजों का सफल इलाज किया जा चुका है और आवश्यक दवाइयां वितरित की गई हैं।
भोजन और आवास की व्यवस्था
पीड़ितों के लिए भोजन और आवास की पुख्ता व्यवस्था की गई है। जिले में फिलहाल 2 बाढ़ आश्रय स्थल कार्यरत हैं। इसके साथ ही, प्रभावितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए 17 सामुदायिक रसोई केंद्र चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से अब तक 24,340 लोगों को भोजन कराया गया है। राहत कार्यों के तहत प्रशासन द्वारा अब तक 8,945 खाद्य एवं ड्राई राशन पैकेट तथा 12,147 पॉलिथीन शीट्स का वितरण किया जा चुका है।
पशुओं की सुरक्षा
मानव जीवन के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पशुओं के लिए 08 पशु आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जहां 678 पशुओं को रखकर उनकी देखभाल और इलाज किया जा रहा है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है।