सारण में माही नदी का तटबंध टूटा, जिला प्रशासन कर रहा युद्धस्तर पर मरम्मत

Ghazala Saheb5 September 20261 min read68 viewsBihar
सारण में माही नदी का तटबंध टूटा, जिला प्रशासन कर रहा युद्धस्तर पर मरम्मत

सारण, 05 सितंबर: जिले के दिघवारा प्रखंड में माही नदी के दायाँ तटबंध पर जल के अत्यधिक दबाव के कारण गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। लगभग 7.5 किलोमीटर लंबे इस तटबंध का करीब 12 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग हरकत में आ गया है।

युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत का कार्य

वर्तमान में क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता से पूरी जानकारी ली।

जिलाधिकारी के कड़े निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्थल पर पर्याप्त मानवबल और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया है ताकि कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके।

लगातार रखी जा रही है निगरानी

इसके साथ ही, तटबंध की लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग के अभियंता मौके पर कैंप कर रहे हैं, और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है।

Share:

Comments

Leave a comment