सारण में रेल टिकट जांच का विशेष अभियान, 38 बिना टिकट यात्री पकड़े गए

Ghazala Saheb31 August 20261 min read13 viewsBihar
सारण में रेल टिकट जांच का विशेष अभियान, 38 बिना टिकट यात्री पकड़े गए

सारण प्रमंडल में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन का सघन अभियान जारी है। सोमवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया जो छपरा कचहरी-मशरख-दुरौंधा रेलखंड पर केंद्रित रहा। यह कार्रवाई छपरा, सिवान, मशरख, छपरा कचहरी और दुरौंधा स्टेशनों को आधार बनाकर की गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।

जांच टीम ने गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी-थावे डेमू और गाड़ी संख्या 15708 अमृतसर-कटिहार आम्रपाली मेल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में औचक जांच की। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर एवं मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कड़ी चेकिंग के दौरान कुल 38 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ पकड़े गए जिनसे 19990 रुपए का अर्थदंड वसूला गया।

मुख्य प्रचार निरीक्षक हिमांशु राव ने बताया कि इस अभियान का असर स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर दिखा जहां वैध टिकट के लिए लंबी कतारें लगीं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने अपील की है कि यात्री सदैव वैध टिकट लेकर यात्रा करें और स्वच्छता बनाए रखें।

Share:

Comments

Leave a comment