सावन का चौथा सोमवार: किशनगंज के शिवालयों में पूरी हुई तैयारियां, मंदिरों में गूंजे भोलेनाथ के भजन

किशनगंज में सावन के पवित्र माह के चौथे सोमवार को लेकर शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को फूल-मालाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। सोमवार को शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समितियों की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
रविवार को शहर के विभिन्न बाजारों में पूजन सामग्री, बेलपत्र, फूल, फल और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने और जलाभिषेक व पूजा-अर्चना करने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है।
शहर के प्रसिद्ध धर्मशाला शिव मंदिर, भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर, मनोरंजन क्लब शिव मंदिर, शिव शक्ति धाम दुर्गा मंदिर, रमजान पुल शिव मंदिर, डे मार्केट, पश्चिमपाली, लाइन, रुईधाशा महाकाल मंदिर, खगड़ा, तेघरिया, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर, मालगोदाम स्थित मनोकामना महादेव मंदिर तथा डांगीबस्ती स्थित बरेरिया काली शिव मंदिर में भी तैयारियां की गई हैं।
भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर में कांवड़िया सेवा समिति की ओर से आयोजित श्रावणी मेले को लेकर विशेष तैयारी की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। श्रावणी मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु बाबा भूतनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।
श्रद्धालु शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर ओदरा घाट स्थित डोंट नदी से जल भरकर पदयात्रा करते हुए भूतनाथ मंदिर पहुंचते हैं और बाबा भूतनाथ का जलाभिषेक करते हैं। सावन के सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और पूरा शहर रविवार से ही भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया।