दुबई में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया बिहार पवेलियन का उद्घाटन

Ghazala Saheb7 September 20261 min read12 viewsBihar
दुबई में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया बिहार पवेलियन का उद्घाटन

दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित वार्षिक निवेश बैठक (एआईएम) कांग्रेस 2026 में सोमवार को बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत वैश्विक निवेशकों के समक्ष बिहार की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों और राज्य में किए जा रहे निवेशक-अनुकूल सुधारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार ने वैश्विक निवेश के लिए अपनी पहुंच को मजबूत किया है।

उद्योग मंत्री ने किया उद्घाटन

बिहार सरकार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में उभर रहे निवेश अवसरों की जानकारी दी।

साझेदारी और निवेश पर जोर

श्रेयसी सिंह ने निवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने तथा वैश्विक व्यवसायों के साथ मजबूत साझेदारी स्थापित करने के प्रति बिहार सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एआईएम कांग्रेस में बिहार की सहभागिता का उद्देश्य सार्थक साझेदारियां स्थापित करना और निवेशकों की रुचि को राज्य में ठोस निवेश अवसरों में परिवर्तित करना है।

प्रदर्शित की जाने वाली प्रमुख नीतियां

बिहार पवेलियन में राज्य के औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश की संभावनाओं, विभिन्न क्षेत्रों की क्षमताओं, नीतिगत प्रोत्साहनों तथा निवेशक-अनुकूल सुधारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन में प्रमुख रूप से बिहार इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पैकेज, 2025, बिहार सेमीकंडक्टर पॉलिसी, 2026, बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) पॉलिसी, 2026, बिहार टेक्सटाइल एंड लेदर पॉलिसी (संशोधित), 2022, बिहार टूरिज्म पॉलिसी और आईटी पॉलिसी सहित अन्य नीतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment