हरियाणा के गुरुग्राम में सिधरावाली उप-स्वास्थ्य केंद्र अब बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 12 नए पद स्वीकृत

गुरुग्राम जिले के सिधरावाली उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपग्रेड करने की मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से इस केंद्र के सुचारू संचालन के लिए 12 नए पदों को स्वीकृति दी गई है। इस नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक मेडिकल ऑफिसर, एक महिला मेडिकल ऑफिसर, एक डेंटल सर्जन, दो फार्मासिस्ट, एक स्टाफ नर्स, एक लैब टेक्नीशियन, एक एमपीएचएस पुरुष, एक एमपीएचएस महिला तथा तीन क्लास-IV कर्मचारी शामिल किए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाएं होंगी बेहतर
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इस अपग्रेडेशन से सिधरावाली और आसपास के ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे ग्रामीणों की दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और समय पर उपचार मिल पाएगा।
भविष्य में भी स्वास्थ्य संस्थानों को किया जाएगा मजबूत
स्वस्थ नागरिक सशक्त और विकसित हरियाणा की आधारशिला हैं। राज्य सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संस्थानों को और सुदृढ़ किया जाएगा।