भारत की 7.8% विकास दर उद्योग, MSMEs और लोगों की मेहनत का नतीजा: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

बेंगलुरु में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का श्रेय देश के उद्योग, MSMEs और आम लोगों की कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के बीच विकास का समर्थन करने में नीतिगत निश्चितता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
वित्त मंत्री ने कहा कि यह विकास दर कोई अचानक या तुक्का नहीं है और इसका पूरा श्रेय भारत के लोगों, मेहनती उद्योग और छोटे MSMEs को जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी नीतियां केवल एक ढांचा प्रदान करती हैं जिसके भीतर कारोबार काम करते हैं।
निर्मला सीतारमण ने भारतीय उद्योग से वैश्विक स्तर पर आ रही चुनौतियों को समझने के लिए अन्य देशों के अपने समकक्षों के साथ जुड़े रहने का आग्रह किया। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे में लगातार नकारात्मक टिप्पणियों पर चिंता जताई, हालांकि उन्होंने माना कि अभी भी कुछ क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है।
वित्त मंत्री ने कहा कि आर्थिक गतिविधियों के नतीजे GST कलेक्शन में भी साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीसरी बार चुनी गई सरकार की राजनीतिक और कर नीति की निश्चितता ने भारत को वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बेहतर स्थिति में ला दिया है।