सीवान में महावीरी मेले को लेकर डीएम और एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सीवान में महावीरी अखाड़े और मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार की देर रात निकलने वाले जुलूस और रविवार की सुबह होने वाले मेले के लिए गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
जिलाधिकारी विकास कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
फ्लैग मार्च समाहरणालय परिसर से निकलकर जेपी चौक, शास्त्री नगर, नया किला, पुरानी किला, स्टेशन रोड, शहीद मार्ग, बबुनिया रोड और बड़हरिया स्टैंड से गुजरा। इस दौरान शहर का माहौल पुलिस छावनी जैसा नजर आया और लोग इसे देखने के लिए सड़कों और छतों पर एकत्र हुए।
अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्ग का जायजा लिया और सुरक्षा के निर्देश दिए। प्रशासन ने इसके जरिए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया है।
महावीरी मेले के दौरान ऑर्केस्ट्रा के आयोजन पर पूरी तरह रोक रहेगी। पूजा समितियों को डीजे बजाने और अश्लील गाने बजाने की अनुमति नहीं दी गई है।
प्रशासन ने सभी से नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की है। शुक्रवार की रात जुलूस निकलेगा और रविवार की सुबह मेला होगा, जिसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस फ्लैग मार्च में एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह, नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार, सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू, महादेवा थानाध्यक्ष विनीत विनायक और मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।