सीवान के जवाहर नवोदय विद्यालय में एचआईवी और एड्स को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Akhand India Desk11 September 20261 min read2 viewsHealth
सीवान के जवाहर नवोदय विद्यालय में एचआईवी और एड्स को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

सीवान में छात्रों को एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को एचआईवी और एड्स के संक्रमण, बचाव और सामाजिक भेदभाव से बचने की पूरी जानकारी सरल भाषा में दी।

जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि एचआईवी एक वायरस है जो शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी पॉजिटिव होना जीवन का अंत नहीं है, बल्कि सही समय पर जांच और नियमित उपचार से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।

डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि एचआईवी असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई, संक्रमित रक्त और संक्रमित मां से बच्चे में फैलता है। उन्होंने छात्रों को समझाया कि हाथ मिलाने, गले मिलने, साथ खाने या मच्छर के काटने से एचआईवी बिल्कुल नहीं फैलता है।

आईसीटीसी प्रवेक्षक विभूति शरण ने कहा कि एचआईवी से बचाव के लिए जागरूकता सबसे जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि संक्रमण की आशंका होने पर स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और एचआईवी से पीड़ित व्यक्ति के साथ किसी भी तरह का भेदभाव न करें।

इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डीएन तिवारी सहित कई अधिकारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने मिलकर छात्रों को एचआईवी के प्रति सही जानकारी देने और समाज में फैली गलतफहमियों को दूर करने पर जोर दिया।

Share:

Comments

Leave a comment