राष्ट्रीय जूनियर महिला फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिए बिहार टीम में सीवान की सात खिलाड़ियों का चयन

सीवान में राष्ट्रीय जूनियर महिला फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिए बिहार की 20 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 10 से 25 सितंबर तक यह प्रतियोगिता आयोजित होगी। इस टीम में मैरवा की रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी की सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। एकेडमी में इस बात पर खुशी का माहौल है।
रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक सह निदेशक संजय पाठक ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का चयन बरौनी फ्लैग खेल मैदान में आयोजित 10 दिवसीय चयन सह प्रशिक्षण शिविर के प्रदर्शन पर हुआ है। यह शिविर 27 अगस्त से 5 सितंबर तक चला था, जिसमें बिहार की 40 महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
बिहार टीम में चयनित खिलाड़ियों में पिंकी कुमारी, रौशनी कुमारी, सबिता कुमारी, रंजना कुमारी, पारो कुमारी, अंजलि कुमारी और अंशु कुमारी शामिल हैं। ये खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार की ओर से मैदान में उतरेंगी।
एकाडमी की सात खिलाड़ियों के चयन पर कई गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं। सीवान आईएमए अध्यक्ष डॉ. शशिभूषण सिन्हा, सचिव डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. राम एकबाल प्रसाद गुप्ता, डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. रामजी चौधरी, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अलख निरंजन पांडेय और निदेशक राजीव लोचन मिश्रा सहित कई लोगों ने बधाई दी है।