सीवान में छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन

Ghazala Saheb25 August 20261 min read20 viewsBihar
सीवान में छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन

सीवान में मंगलवार को विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं और शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को यह शिविर लगाया जाना है। मैरवा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, महाराजगंज जीएनएम संस्थान और राजकीय फार्मेसी कॉलेज महाराजगंज में इस शिविर की शुरुआत की गई।

मैरवा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। जीएनएम संस्थान महाराजगंज में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार और राजकीय फार्मेसी कॉलेज महाराजगंज में सीडीओ डॉ. अशोक कुमार ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक समस्याओं और संस्थान से जुड़ी अन्य शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा दी गई। संस्थानों में कंप्यूटर, इंटरनेट और प्रिंटर के साथ कियोस्क की व्यवस्था की गई, जिससे विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज करने में मदद मिली।

इस शिविर में समय पर कक्षाएं न होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा समय पर न होना और परीक्षाफल में देरी की शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा अनधिकृत शुल्क वसूली, बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं के लिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

विद्यार्थी शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए अपने सुझाव भी दे सकते हैं। प्रशासन के अनुसार शिविर में मिलने वाली शिकायतों का नियमानुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाएगा। शिकायतों की निगरानी और समाधान की प्रक्रिया तय मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार होगी।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी और शिविर का लाभ उठाने की अपील की। जिला प्रशासन की तरफ से शिविरों की व्यवस्था और शिकायतों के निस्तारण की लगातार निगरानी की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment