सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में हर महीने की 10 तारीख को आएगी पेंशन राशि : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त माह के लिए 105.68 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 1100 रुपये प्रति माह की दर से कुल 1233.87 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की है। इस योजना से इस बार 98,896 नए लाभार्थी जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 333 के गंगटा से कोहबरवा मोड़ तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास किया। इस परियोजना का उद्देश्य इस मार्ग को बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाना है जिससे मुंगेर, जमुई और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा।
बाढ़ राहत और गंगा जल संधि पर बात
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार के 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और 30 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। सरकार की तरफ से बाढ़ राहत कार्य किए जा रहे हैं और फरक्का जल समझौते में बिहार के हित का ध्यान रखे जाने का प्रयास किया जाएगा ताकि जरूरत पड़ने पर सालभर पानी का इस्तेमाल हो सके।
स्वास्थ्य जांच और शिक्षा से जुड़े अभियान
राज्यभर में 01 सितंबर से 30 नवंबर तक स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत करीब साढ़े 6 करोड़ लोगों की स्वास्थ्य जांच और इलाज की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 17 सितंबर से सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान शुरू होगा जिसके तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय और बुनियादी सुविधाएं ठीक की जाएंगी। तारापुर और हवेली खड़गपुर में इसी माह कोर्ट शुरू हो जाएगा।
मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र का विकास
मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र को लगभग 150 करोड़ की परियोजना के तहत विकसित किया जाएगा। भीम बांध क्षेत्र के जंगलों का विकास और सौंदर्गीकरण होगा तथा पर्यटकों के लिए ट्रैकिंग और होटल जैसी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।