सोलपारा में मानव तस्करी और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

Ghazala Saheb12 September 20262 min read12 viewsBihar
सोलपारा में मानव तस्करी और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

किशनगंज में मानव तस्करी, बाल विवाह, बाल मजदूरी और नशे के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए सोलपारा क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन बीएसएफ, राहत संस्था और iPartner के संयुक्त तत्वावधान में किया गया जिसमें महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, कानून और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने को लेकर ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

बीएसएफ अधिकारियों की अपील

कार्यशाला को संबोधित करते हुए बीएसएफ इंस्पेक्टर लक्ष्मीधर स्वाईं ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले लोग रोजगार का झांसा देकर मानव तस्करी और ठगी का शिकार बन सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, दलाल या गतिविधि की जानकारी तत्काल सुरक्षा बलों को देने की अपील की और नशे के दुष्प्रभावों से बचने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया। बीएसएफ महिला कांस्टेबल प्रतिभा ने भी नशे से दूर रहने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। एसआई देशराज ने कहा कि गांवों में बाहरी दलाल रोजगार, पढ़ाई या बेहतर भविष्य का झांसा देकर बच्चों एवं परिवारों को प्रभावित कर सकते हैं जिसकी समय पर सूचना देकर संभावित नुकसान को रोका जा सकता है।

संस्था के प्रतिनिधियों के विचार

शनिवार को राहत संस्था की सचिव डॉ. फरज़ाना बेगम ने कहा कि ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों को शोषण एवं तस्करी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के लिए हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है और अभिभावक बच्चों को कम उम्र में मजदूरी कराने के बजाय उनकी शिक्षा पर ध्यान दें क्योंकि शिक्षा ही बाल तस्करी, बाल विवाह और बाल मजदूरी के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है। राहत संस्था की मालामिका ने जरूरतमंद परिवारों और बच्चों की शिक्षा में सहयोग का भरोसा दिलाया जबकि यास्मीन परवीन ने बाल विवाह रोकने तथा बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर देने की अपील की। कार्यशाला के अंत में ग्रामीणों से बच्चों को शिक्षा देने, बाल विवाह एवं बाल मजदूरी रोकने, नशे से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित सुरक्षा एजेंसी को देने का आह्वान किया गया।

Share:

Comments

Leave a comment