सोन नदी में छोड़ा गया 5.63 लाख क्यूसेक पानी, तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी

Ghazala Saheb2 September 20261 min read15 viewsBihar
सोन नदी में छोड़ा गया 5.63 लाख क्यूसेक पानी, तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी

सोन नदी में भारी पानी का प्रवाह

डेहरी आन सोन। सोन के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र झारखण्ड, मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा से सोन के तटीय क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार शाम इंद्रपुरी बराज से 5.63 लाख क्यूसेक पानी सोन नदी में छोड़ा गया है। सोन नदी का जलस्तर बढ़ना जारी है। आज भी झारखण्ड के भीम बराज से 1.45 लाख, उत्तर प्रदेश के रिहंद जलाशय से 55 हजार व बाणसागर से छोड़ा गया पानी भी बराज पर पहुंचने लगा है। आज शाम सोन नदी में पांच लाख 63 हजार 654 क्यूसेक पानी सोन में प्रवाहित किया जा रहा है।

नहरों की आपूर्ति बंद और बाढ़ का नजारा

इंद्रपुरी बराज पर भारी मात्रा में पानी के आने व सोन नहर कैचमेंट इलाके में भारी वर्षा होने के कारण नहरों में पानी की आपूर्ति को बंद किया गया है। भारी मात्रा में पानी के आवक से यहां एनिकट के घाट तक पानी पहुंच गया है। वहीं पुराने एनिकट बराज पर चल रहे पेयजलापूर्ति निर्माण योजना में लगे सामान भी डूब गए हैं। बाढ़ को देखने लोग भारी संख्या में पहुंच रहे हैं।

प्रशासन की अपील और सुरक्षा निर्देश

एसडीएम नीलेश कुमार ने सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील किया है। उन्होंने लोगों से नदी तट से दूर रहने, सोन नदी के घाटों, तटीय क्षेत्रों और पानी के तेज बहाव वाले इलाकों की ओर बिल्कुल न जाने को कहा है। उन्होंने निचले इलाकों से अपने पशुओं को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर ले जाने को भी कहा है। उन्होंने कहा है कि यदि आप नदी के पास के निचले इलाके में रहते हैं, तो स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए तुरंत ऊंचे स्थानों में चले जाएं। बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें। बच्चों को जलस्रोतों के पास खेलने न दें।

Share:

Comments

Leave a comment