पश्चिम चम्पारण में सड़क हादसे में घायल आठ नागरिकों के लिए देवदूत बनी एसएसबी

पश्चिम चम्पारण के बगहा में एसएसबी 21वीं वाहिनी के मुख्यालय गेट के सामने दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क दुर्घटना में एक महिला समेत कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसएसबी जवानों ने किया राहत और बचाव कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी 21वीं वाहिनी ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के निर्देश पर जवान बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा गया। चिकित्सा अधिकारी सह उप कमांडेंट डॉ. यादवेंद्र यादव की निगरानी में सभी घायलों को वाहिनी की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज शुरू हुआ। स्थानीय लोगों ने एसएसबी के इस मानवीय कार्य की सराहना की।