छात्र दिवस विद्यार्थियों में नेतृत्व और जिम्मेदारी विकसित करने का सशक्त माध्यम: डॉ. रमेश

बक्सर में बिहार सेंट्रल स्कूल में आयोजित छात्र दिवस की पहल की स्मृति कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. रमेश कुमार ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का अनूठा अवसर प्रदान करती हैं।
विद्यार्थियों ने संभाली जिम्मेदारी
डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि बिहार सेंट्रल स्कूल के सीनियर बैच के विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए विद्यालय के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालकर अनुकरणीय पहल की है। इसके लिए उन्होंने विद्यालय के सचिव सरोज जी को बधाई एवं साधुवाद दिया।
शिक्षक दिवस पर छात्र दिवस का आयोजन
उन्होंने बताया कि विगत 23 वर्षों से ऐप्टेक कंप्यूटर संस्थान और स्मृति कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, बक्सर में शिक्षक दिवस के पूर्व दिवस को छात्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर सीनियर बैच के विद्यार्थियों को एक दिन के लिए संस्थान के प्रबंधन एवं शैक्षणिक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। विद्यार्थी शिक्षक, प्रबंधक और प्रशासक की भूमिका निभाकर वास्तविक जीवन के अनुभव प्राप्त करते हैं, जिसका लाभ उन्हें आगे अपने कैरियर में भी मिलता है।
भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयारी
डॉ. रमेश ने अन्य विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से भी ऐसी गतिविधियों को अपने संस्थान का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी एक-दूसरे के पूरक हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम हैं।