बक्सर में विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ, छात्राओं ने डीएम के सामने रखीं अपनी समस्याएं

बक्सर, 25 अगस्त। जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर बालिका छात्रावास, कोईरपुरवा में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर का उद्देश्य और छात्राओं से अपील
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग शिविर के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से संबंधित पोर्टल पर सुझाव एवं शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याओं और सुझावों को बेझिझक साझा करने की अपील की।
साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
वहीं, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने छात्राओं को साइबर मंगलवार अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव, सतर्कता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया।
छात्राओं ने रखे सुझाव और समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास में उपस्थित छात्राओं ने जिला पदाधिकारी के समक्ष अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं समस्याएं रखीं। जिला प्रशासन की ओर से उनकी बातों को गंभीरता से सुना गया। इसके अलावा डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, 11 नंबर लख, बक्सर में भी विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।