सुपौल: गांधी मैदान में सैंड आर्ट ने मोहा छठ श्रद्धालुओं का मन
सुपौल के गांधी मैदान छठ घाट पर पहली बार सैंड आर्ट के जरिए छठ महापर्व की मनमोहक कलाकृति बनाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।

सुपौल के गांधी मैदान में इस बार छठ महापर्व की रौनक कुछ अलग ही अंदाज में देखने को मिली। भास्कर महोत्सव के खास अवसर पर छठ घाट पर सैंड आर्ट (रेत कला) के माध्यम से छठ महापर्व की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
पहली बार दिखी रेत पर छठ की अद्भुत कलाकारी
गांधी मैदान छठ घाट पर पहली बार सैंड आर्ट के जरिए छठ पर्व की कलाकृति तैयार की गई थी। आर्टिस्ट बलवंत कुमार के निर्देशन में स्थानीय बाल कलाकारों, प्रिंस कुमार और अनुप्रिया ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने रेत पर छठ महापर्व की इतनी सुंदर और जीवंत कलाकृति उकेरी कि हर कोई उसे देखता रह गया।
श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी कलाकृति
सांध्य अर्घ्य के समय से ही यह कलाकृति घाट पर पहुंचे लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ इस अद्भुत कलाकृति को देखने के लिए उमड़ पड़ी और यह आकर्षण अगले दिन सुबह तक लगातार बना रहा। घाट पर पहुंचे लोगों ने कलाकारों की इस रचनात्मक और अनूठी प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा रोजगार का अवसर
इस आयोजन की सफलता पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि सैंड आर्ट कला की एक बहुत ही महत्वपूर्ण विधा है।
आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण उत्सवों एवं महोत्सवों में भी सैंड आर्ट का प्रदर्शन कराया जाएगा। इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और उनके लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे।