सुपौल में सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश

सुपौल में सिविल सर्जन बाबू साहब झा ने सोमवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदपीपर, राजकीय औषधालय लालगंज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति देखी। मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी संबंधित कर्मियों से ली गई।
अस्पताल के विभिन्न कक्षों की जांच
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही में सिविल सर्जन ने बाह्य रोगी विभाग, आपातकालीन कक्ष, प्रयोगशाला और प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान जांच सुविधा, मरीजों के उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की पूरी जानकारी ली गई। उन्होंने आंख एवं दंत चिकित्सा बाह्य रोगी विभाग का भी जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में आयोजित एमएनएम की साप्ताहिक बैठक में शामिल होकर विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
स्वास्थ्यकर्मियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार की ओर से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को समय पर और सुचारु रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में नियमित साफ-सफाई, मरीजों का समय पर उपचार और सेवाओं के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया। इस निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल, स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेमचंद रंजन समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। बाह्य रोगी विभाग में डॉ. मोसिन रजा मरीजों का उपचार करते पाए गए।