सुपौल में दिव्यांगजनों के कल्याणकारी योजनाओं के लिए 78 आवेदनों की हुई स्क्रीनिंग

सुपौल में दिव्यांगजनों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। दिव्यांगजनों से जुड़े 78 आवेदनों की हुई स्क्रीनिंग और समीक्षा की गई।
सुपौल में गुरुवार को जिला स्तर पर जिला स्क्रीनिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने की। इस बैठक में सहायक निदेशक दिवेश कुमार शर्मा, सिविल सर्जन और रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष समेत कई संबंधित सदस्य मौजूद रहे।
आवेदनों की जांच और समीक्षा
बैठक के दौरान दिव्यांगजनों से संबंधित कुल 78 प्राप्त आवेदनों और पात्र लाभुकों के मामलों की जांच की गई। समिति के सदस्यों ने लाभुकों की पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण किया। इसके बाद पात्र लाभुकों को आवश्यक सहायता देने के लिए आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया गया।
सहायक उपकरण देने पर जोर
इस बैठक में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग और अन्य जरूरी सहायता देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग ने बताया कि पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।