सुपौल में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए डीएम सावन कुमार ने दिए कई अहम निर्देश

सुपौल में जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात हैं, वहां उनकी विशेषज्ञता के अनुसार ओपीडी सेवा नियमित रूप से शुरू हो।
बैठक में अस्पतालों में शल्य चिकित्सा की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल और अनुमंडलीय अस्पताल में अधिक से अधिक शल्य चिकित्सा सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार हर समय उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
एम्बुलेंस सेवा की समीक्षा के दौरान डीएम ने प्रत्येक एम्बुलेंस से प्रतिदिन कम से कम पांच फेरे सुनिश्चित करने को कहा। जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वारा कार्यक्रम के सभी लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत सभी चिकित्सा प्रभारियों को प्रतिदिन समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया है।
बैठक में नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रसव पूर्व जांच, परिवार नियोजन और आशा कार्यकर्ताओं के चयन को प्राथमिकता देने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया है। इस बैठक में सिविल सर्जन समेत कई स्वास्थ्य अधिकारी और प्रखंडों के चिकित्सा प्रभारी मौजूद रहे।