सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए 24 घंटे जुटे छात्र, 12 टीमों ने दिखाया नवाचार

Ghazala Saheb13 September 20262 min read12 viewsBihar
सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए 24 घंटे जुटे छात्र, 12 टीमों ने दिखाया नवाचार

सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 की तैयारी को लेकर 24 घंटे का आंतरिक हैकाथॉन आयोजित किया गया। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अधीन संचालित महाविद्यालय में इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल, टेक्निकल क्लब एवं स्टार्टअप सेल के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 13 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में संस्थान की 12 टीमों ने भाग लिया। आंतरिक हैकाथॉन का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए संस्थान की सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन करना था।

तकनीकी समाधान प्रस्तुत

प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने रक्षा, साइबर सुरक्षा, कृषि, पर्यावरण, शिक्षा, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी राष्ट्रीय एवं स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। सहभागी टीमों ने एआई आधारित ईमेल थ्रेट डिटेक्शन एवं फॉरेंसिक इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म, एंटरप्राइज क्रिप्टोग्राफिक डिस्कवरी एंड एनालिसिस टूल, सार्वजनिक परिवहन के लिए एआई आधारित अर्बन इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म, डेयरी किसानों के लिए कम लागत वाली मिल्क चिलिंग केन, किसानों के लिए बाजार जुड़ाव एवं मूल्य खोज प्लेटफॉर्म जैसे प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। इसके अलावा ग्रामीण एवं खनन प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्मार्ट जल शोधन प्रणाली, आपदा प्रबंधन, स्मार्ट शिक्षा तथा कोऑपरेटिव गिग सर्विसेज प्लेटफॉर्म जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों ने अपने नवाचार का प्रदर्शन किया।

मूल्यांकन और समापन

प्रतियोगिता का उद्घाटन 12 सितंबर को हुआ। इसके बाद विशेषज्ञ जूरी सदस्यों ने तीन चरणों में प्रतिभागी टीमों का विस्तृत मूल्यांकन किया। टीमों के विचारों की नवीनता, तकनीकी जटिलता, व्यावहारिकता, उपयोगिता और समस्या के समाधान की क्षमता को मूल्यांकन का आधार बनाया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में छात्र समन्वयक यश राज, जोसेफ, सूरज सहित अन्य विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अच्युतानंद मिश्रा ने विद्यार्थियों के प्रयास, तकनीकी क्षमता और रचनात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के समन्वयक एवं डीन एकेडमिक्स-स्पोक डॉ. चन्दन कुमार ने बताया कि आंतरिक हैकाथॉन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए नामांकित किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष तीन टीमों को सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक एवं जूरी सदस्य गोपाल कृष्णा, डॉ. अज़मत राजा, डॉ. चंद्रशेखर कुमार, गौरव कुमार सहित महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment