सुपौल के राघोपुर में धर्मपट्टी काली मंदिर का ताला तोड़कर पांच लाख के आभूषण और सामान की चोरी

Ghazala Saheb21 August 20261 min read52 viewsBihar
सुपौल के राघोपुर में धर्मपट्टी काली मंदिर का ताला तोड़कर पांच लाख के आभूषण और सामान की चोरी

सुपौल में राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत वार्ड-1 स्थित धर्मपट्टी काली मंदिर में गुरुवार देर रात चोरी की बड़ी घटना हुई। चोर मंदिर के मुख्य द्वार समेत तीनों गेटों का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गोदरेज तथा ट्रंक का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, बाजा और अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब स्थानीय लोग पूजा करने पहुंचे, तब उन्हें मंदिर के टूटे तालों की जानकारी मिली। तीनों गेटों के ताले जमीन पर टूटे पड़े थे और अंदर गोदरेज तथा ट्रंक क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले। इस घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त की।

ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 पुलिस को इस घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों को इस संबंध में थाने में लिखित आवेदन देने के लिए कहा है।

ग्रामीणों के अनुसार धर्मपट्टी काली मंदिर इस इलाके का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां दीपावली के अवसर पर भव्य मेला लगता है। श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से माता को चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामग्री मंदिर के गोदरेज में रखी जाती थी। इस घटना के बाद से मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर लोगों के मन में चिंता बनी हुई है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और थाने में लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment