कोसी बराज और नदी को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर सख्त हुआ प्रशासन, भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

सुपौल में कोसी नदी और कोसी बराज को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि कोसी नदी के जलस्तर में सामान्य गति से बढ़ोतरी हो रही है और कोसी बराज पूरी तरह सुरक्षित है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो या बिना पुष्टि के संदेश भेजकर डर का माहौल बनाने से बचने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि बिना जांच के किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे शेयर न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गलत और तथ्यहीन वीडियो या संदेश फैलाकर लोगों में दहशत पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी से संयम बनाए रखने और आपात स्थिति में केवल आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारी पर ही ध्यान देने की अपील की गई है।