सुपौल में बड़ा एक्शन: ट्रक के गुप्त तहखाने से 1,080 बोतल विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

सुपौल में भपटियाही थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-27 स्थित पिपराखुर्द टावर चौक के पास एक 407 ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
प्रभारी थानाध्यक्ष शौर्य दिव्यांशु के अनुसार, पुलिस देर रात एनएच-27 पर गश्त कर रही थी। पिपराखुर्द टावर चौक के पास एक 407 ट्रक संदिग्ध स्थिति में गुजरता दिखाई दिया जिसे रोकने पर चालक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया और ट्रक की तलाशी ली।
गुप्त तहखाने से मिली शराब
तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए गुप्त तहखाने से रॉयल मेसन गोल्ड ब्रांड की शराब मिली। इसमें 375 एमएल की 35 पेटियों में 840 बोतल तथा 180 एमएल की पांच पेटियों में 240 बोतल शराब शामिल है। पुलिस ने कुल 40 पेटियों और ट्रक को जब्त कर लिया है।
आरोपी की पहचान और आगे की जांच
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के देवगांविलपुर निवासी सुब्रतो मंडल के रूप में हुई है। छानबीन में शराब की खेप बंगाल से लाकर कोसी टोल प्लाजा की ओर पहुंचाने की बात सामने आई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पुलिस का अभियान जारी रहेगा।