सुपौल में मिशन परिवार विकास पखवाड़ा के तहत सारथी रथ रवाना, जानिए क्या है उद्देश्य

सुपौल में मिशन परिवार विकास पखवाड़ा के अंतर्गत परिवार कल्याण कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को सारथी रथ का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को परिवार नियोजन की सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। राज्य स्तर से उपलब्ध कराए गए इस सारथी रथ को सिविल सर्जन, सुपौल डॉ. बाबू साहब झा एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने जन-जागरूकता के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। सारथी रथ निर्धारित रूट प्लान के अनुसार 15 सितंबर से 18 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण करेगा।
भ्रमण के दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत उपलब्ध विभिन्न परिवार नियोजन सेवाओं एवं साधनों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उनके महत्व तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी लोगों को बताया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदार मातृत्व को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ परिवार की अवधारणा को मजबूत करना है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन से परिवार कल्याण संबंधी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है। साथ ही इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान भी किया गया है।