सुपौल में मनरेगा के तहत महोगनी के पेड़ से होगी 40 लाख तक की कमाई, डीडीसी ने किया दौरा

सुपौल में मनरेगा और विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत वृक्षारोपण कार्यों को बढ़ावा देने के लिए उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने किशनपुर प्रखंड की तुलापट्टी पंचायत का दौरा किया। डीडीसी ने वृक्षारोपण की नई एवं पुरानी योजनाओं का जायजा लिया और दो नए यूनिट में वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लाभुक किसानों से बातचीत की और पौधों की नियमित देखभाल करने का निर्देश दिया।
महोगनी के पेड़ों से लाखों की कमाई का अनुमान
तुलापट्टी पंचायत में करीब सात वर्ष पुरानी वृक्षारोपण योजना का भी निरीक्षण किया गया। लगभग सात वर्ष पूर्व दो यूनिट में 400 महोगनी के पौधे लगाए गए थे जो अगले पांच से सात वर्षों में पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। एक पेड़ की न्यूनतम कीमत 10 हजार रुपये माने जाने पर 400 पेड़ों से करीब 40 लाख रुपये की आय हो सकती है। पौधे लगाने से लेकर पांच वर्ष तक मजदूरी का भुगतान सरकार द्वारा किया गया है।
वृक्षारोपण के लाभ और अधिकारियों की मौजूदगी
डीडीसी ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों के लिए आय का बेहतर स्रोत बन सकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को वृक्षारोपण के आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। इस मौके पर निदेशक एनईपी, डीआरडीए सुपौल अनित कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज गिरी, कनीय अभियंता मिथिलेश कुमार सहित कई अन्य कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।