सुपौल में राष्ट्रीय लोक अदालत आज, मामलों के निपटारे के लिए बनीं 20 पीठ

Ghazala Saheb11 September 20261 min read11 viewsBihar
सुपौल में राष्ट्रीय लोक अदालत आज, मामलों के निपटारे के लिए बनीं 20 पीठ

सुपौल में 12 सितंबर शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत के सुचारू संचालन और ज्यादा से ज्यादा मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए सुपौल न्यायमंडल में कुल 20 लोक अदालत पीठों का गठन किया गया है। यह आयोजन सुबह 10 बजे से सिविल कोर्ट सुपौल और अनुमंडलीय सिविल कोर्ट वीरपुर में किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देशानुसार हो रहा है।

सुपौल न्यायमंडल में कुल 20 पीठों का गठन

सुपौल न्यायमंडल में कुल 20 लोक अदालत पीठों का गठन किया गया है जिनमें सुपौल में 16 और वीरपुर में 4 पीठ शामिल हैं। सुपौल में 12 नियमित पीठ तथा लंबित ट्रैफिक चालान मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए चार विशेष पीठ बनाई गई हैं। नियमित पीठों में प्री-लिटिगेशन मामलों, वैवाहिक, उपभोक्ता, एमएसीटी, बैंक और वित्तीय संस्थानों से जुड़े तथा विभिन्न न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य मामलों की सुनवाई होगी।

ट्रैफिक चालान के लिए टाउन हॉल में विशेष पीठ

लंबित ट्रैफिक चालान मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए गठित चार विशेष पीठें टाउन हॉल सुपौल में कार्य करेंगी। इससे ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के पक्षकारों को न्यायालय परिसर में अनावश्यक भीड़ से बचाने और मामलों के सरल तरीके से निष्पादन में सुविधा मिलेगी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुपौल राजेश कुमार बच्चन के मार्गदर्शन में यह पूरी व्यवस्था की गई है।

अनुमंडलीय सिविल कोर्ट वीरपुर में चार पीठ

अनुमंडलीय सिविल कोर्ट वीरपुर में चार लोक अदालत पीठों का गठन किया गया है। इन पीठों के माध्यम से आपराधिक समझौता योग्य मामलों के अलावा बैंक, टेलीफोन बिल से संबंधित मामलों तथा अन्य समझौता योग्य मामलों का निष्पादन किया जाएगा। न्यायालय परिसर में हेल्प डेस्क, ट्रैफिक चालान हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य सहायता केंद्र बनाए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment