सुपौल में बाइक सवार अपराधियों ने मवेशी व्यापारियों को घेरा, 35 हजार लूटे और गोलीबारी में एक जख्मी

सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। तमकुलहा पुल के समीप एनएच-327ई पर पल्सर बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने दो मवेशी व्यापारियों को घेरकर 35 हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी, जो एक व्यापारी की कमर को छूते हुए निकल गई। इस घटना में व्यापारी घायल हो गया और अपराधी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल व्यापारी की पहचान और अस्पताल में इलाज
घायल व्यापारी की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के कुमारखंड वार्ड संख्या सात निवासी इस्लाम खान के पुत्र सोनू खान (20) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल सोनू खान ने बताया कि वह अपने साथी व्यापारी मोहम्मद खुर्शीद आलम के साथ बघला से बकरी बेचकर एक ही बाइक से अपने घर कुमारखंड लौट रहा था। इसी दौरान तमकुलहा पुल के समीप पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक को घेर लिया और हथियार के बल पर रुपये छीनने लगे।
गोलीबारी और पुलिस की कार्रवाई
सोनू के विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चलाई जो उसकी कमर को छूते हुए निकल गई। अपराधी सोनू के पास से 30 हजार रुपये और पीछे बैठे खुर्शीद आलम के पास से पांच हजार रुपये लेकर फरार हो गए। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. प्राची कश्यप ने बताया कि घायल की कमर पर गहरा जख्म है जो गोली छूने से प्रतीत होता है। घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि 35 हजार रुपये की लूट और गोलीबारी की पुष्टि हुई है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।