सुपौल में राधाकृष्ण झूलन महोत्सव शुरू, निकली भव्य कलश शोभायात्रा

Akhand India Desk23 August 20261 min read45 viewsDharm
सुपौल में राधाकृष्ण झूलन महोत्सव शुरू, निकली भव्य कलश शोभायात्रा

सुपौल में नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-04 स्थित श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में रविवार से छह दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन का शुभारंभ हुआ। राधाकृष्ण झूलन महोत्सव के तहत आयोजित धार्मिक कार्यक्रम 23 से 28 अगस्त तक चलेगा। प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक श्रद्धालु कथा एवं प्रवचन का श्रवण करेंगे।

महोत्सव के प्रथम दिन सुबह ठाकुरबाड़ी परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर गुलाबदास ठाकुरबाड़ी, एनएच-27, सर्वेश्वरनाथ मंदिर होते हुए राघोपुर थाना परिसर स्थित कुएं तक पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल भरा गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर वापस ठाकुरबाड़ी पहुंचे।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर नंगे पैर शामिल हुईं। श्रद्धालु भगवा वस्त्र और धार्मिक ध्वज लेकर चल रहे थे। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी यात्रा के दौरान जय श्रीकृष्ण और हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था देखने को मिली।

आयोजन समिति के अनुसार, कलश शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। छह दिनों तक चलने वाली श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन अयोध्या धाम के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित पंकज मोहन शास्त्री करेंगे। कथा के दौरान वे भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के साथ भक्ति, धर्म और मानव जीवन के आदर्श मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।

धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिवार, श्री श्री 108 दुर्गा पूजा समिति और नगर पंचायत सिमराही के श्रद्धालु जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ लेने की अपील की है।

राधाकृष्ण झूलन महोत्सव को लेकर सिमराही बाजार सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उमंग है और धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

Share:

Comments

Leave a comment