सुपौल: रेल सुविधाओं के लिए प्रदर्शन, आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
सुपौल के गढ़ बरुआरी स्टेशन पर रेल सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ। प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित, लेकिन मांगें पूरी न होने पर चक्का जाम की चेतावनी।

सुपौल जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार को गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन परिसर में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया। जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय पर सुपौल जिले के साथ रेल सुविधाओं के मामले में भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया।
रेल प्रशासन को चेतावनी: मांगें पूरी नहीं तो होगा चक्का जाम
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेल चक्का जाम करने की घोषणा की, जिससे रेल प्रशासन में हलचल मच गई। इसके बाद रेल प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगों पर जल्द विचार करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद लक्ष्मण कुमार झा ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा और रेल चक्का जाम का निर्णय लिया जा सकता है।
लक्ष्मण कुमार झा ने रेल अधीक्षक के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के लिए लंबे समय से संघर्ष करना पड़ रहा है और जिले में रेल सेवाओं के विस्तार की सख्त जरूरत है।
ये हैं प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:
ज्ञापन के माध्यम से रेल प्रशासन के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं, जिनमें शामिल हैं:
- गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करना।
- हाट बाजार एक्सप्रेस का परिचालन सुपौल स्टेशन से शुरू करना।
- पुरविया एक्सप्रेस का परिचालन ललितग्राम, सरायगढ़ अथवा सुपौल स्टेशन से स्थायी रूप से शुरू करना।
- ललितग्राम, सरायगढ़ अथवा सुपौल से गढ़ बरुआरी होते हुए पटना के लिए अतिरिक्त रात्रिकालीन ट्रेन चलाना।
- गढ़ बरुआरी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराना।
- एकमा रेलवे हॉल्ट के प्लेटफॉर्म का ऊंचाकरण कराना।
लक्ष्मण कुमार झा ने जोर देकर कहा कि ये मांगें क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी हैं। उन्होंने मांग की कि रेल प्रशासन इन पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय ले। इस प्रदर्शन के दौरान शिवकुमार सिंह, मिश्रीलाल सदा, सावित्री देवी, बाबा सिंह, शंकर सिंह, सामोल झा, मोहम्मद मुस्ताक, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद सद्दाम, सुमन शाह, गंगा देवी, लाल देवी और रमन कुमार वर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे।