सुपौल के प्राइवेट स्कूल हॉस्टल में आठ साल के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सुपौल के गौरवगढ़ स्थित एक निजी विद्यालय के छात्रावास में आठ साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान मरौना थाना क्षेत्र के परिकोच निवासी शिव शंकर यादव के आठ वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। प्रियांशु शानवी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था और हॉस्टल में रहता था।
- सुपौल के प्राइवेट स्कूल हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत।
- प्रियांशु हॉस्टल की छत पर फंदे से लटका मिला।
- अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत।
- परिजन ने जताई हत्या की आशंका।
- पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी।
हॉस्टल की छत पर फंदे से लटका मिला छात्र
सोमवार को प्रियांशु विद्यालय के हॉस्टल की छत पर संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलने पर विद्यालय कर्मियों ने उसे नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। विद्यालय कर्मी उसे इलाज के लिए सुपौल के एक निजी अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने प्रियांशु की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि बच्चे के चेहरे पर चोट के कई निशान हैं। पिता शिव शंकर यादव ने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या करके शव को फंदे से लटकाया गया। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और एफएसएल टीम कर रही है जांच
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस, एसडीपीओ और सुपौल एसपी शरथ आरएस मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी ने कहा कि सभी पहलुओं से जांच हो रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। मौत की असली वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।