सुपौल में बीडीओ के औचक निरीक्षण के दौरान खुली पोल, शिक्षिका की फर्जी हाजिरी का मामला आया सामने

सुपौल में बीडीओ के औचक निरीक्षण के दौरान एक स्कूल में शिक्षिका की कथित फर्जी हाजिरी का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायतों के आधार पर की गई जांच में पता चला कि शिक्षिका ने छुट्टी पर होने के बावजूद पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
छातापुर प्रखंड का मामला
जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डीलर टोला भीमपुर में शनिवार को छातापुर बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षिका तबस्सुम अंजुम की कथित फर्जी हाजिरी का मामला उजागर हुआ।
पंजी में छुट्टी और पोर्टल पर ड्यूटी
शिकायतों के आधार पर किए गए निरीक्षण में पाया गया कि शिक्षिका तबस्सुम अंजुम 27 और 29 अगस्त को अवकाश पर थीं। इसकी प्रविष्टि विद्यालय की उपस्थिति पंजी में भी दर्ज थी, लेकिन ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दूसरे मोबाइल से दोनों तिथियों की उपस्थिति दर्ज कर दी गई।
अधिकारियों को दी गई सूचना
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं वरीय अधिकारियों को सूचना भेज दी है। प्रधानाध्यापक रामचंद्र यादव ने बताया कि शिक्षिका जुलाई माह में भी बिना सूचना के अवकाश पर चली गई थीं।
शिक्षिका ने स्वीकार की गलती
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने शिक्षिका से पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति के संबंध में पूछताछ की, जिस पर उन्होंने गलती स्वीकार कर ली। बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई है और अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।