सुपौल में रक्षाबंधन पर बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नकद और जेवरात ले उड़े चोर

Ghazala Saheb29 August 20261 min read17 viewsBihar
सुपौल में रक्षाबंधन पर बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नकद और जेवरात ले उड़े चोर

सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 स्थित चकला निर्मली मोहल्ले में रक्षाबंधन के अवसर पर घर बंद कर बाहर गए एक परिवार के यहां अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। घटना के संबंध में पीड़ित विकास कुमार ने सुपौल थाना में लिखित आवेदन दिया है।

पीड़ित विकास कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरों ने घर से करीब एक लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और चांदी की पायल समेत अन्य सामान चुराए हैं। चोरी गए सामान में तीन मोबाइल फोन की कीमत करीब 80 हजार रुपये, सोने के आभूषण की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये, चांदी की चार जोड़ी पायल की कीमत करीब 40 हजार रुपये और चांदी के अन्य सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

घटना के बाद से चकला निर्मली मोहल्ले के आसपास के लोगों में चोरी की इस घटना को लेकर काफी चिंता का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने सुपौल थाना में आवेदन देकर चोरी की प्राथमिकी दर्ज करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस प्राप्त आवेदन के आधार पर इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share:

Comments

Leave a comment