सुपौल में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

सुपौल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 55 वर्षीय मोहम्मद सफिद की मौत हो गई। यह घटना जिले के करजाइन थाना क्षेत्र के फकिरना चौक के समीप रविवार को हुई जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मृतक करजाइन थाना क्षेत्र के बौरहा वार्ड-4 के निवासी थे।
- तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए साइकिल सवार
- दवा लेकर घर लौट रहे थे 55 वर्षीय मोहम्मद सफिद
- अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
- पुलिस ने ट्रक और चालक को लिया हिरासत में
परिजन के अनुसार मोहम्मद सफिद फकिरना चौक से दवा लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया और हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद करजाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में घायल अवस्था में उन्हें राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने मामले की पुष्टि की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फकिरना चौक के समीप ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हुई है और पुलिस ने ट्रक तथा उसके चालक को पकड़ लिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।