सुपौल में वाहन जांच अभियान: नियम तोड़ने पर 20 हजार से अधिक का कटा चालान

सुपौल में यातायात थाना पुलिस द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। महावीर चौक समेत शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये से अधिक का चालान काटा गया।
यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले वाहन चालकों को विशेष रूप से जांच के दायरे में लिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।
आरक्षी अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में यह वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग से बचने तथा वाहन के सभी आवश्यक कागजात साथ रखने की अपील की।