सुपौल में युवा कांग्रेस का चार सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन, लक्ष्मण झा की बड़ी चेतावनी

Ghazala Saheb9 September 20262 min read15 viewsBihar
सुपौल में युवा कांग्रेस का चार सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन, लक्ष्मण झा की बड़ी चेतावनी

सुपौल, 09 सितंबर (हि.स.): जनहित से जुड़ी चार सूत्री मांगों को लेकर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में सुपौल समाहरणालय स्थित कलेक्ट्रेट गेट के सामने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राज्य सरकार एवं सरकारी तंत्र में बैठे अधिकारियों-पदाधिकारियों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की अपील की। लक्ष्मण कुमार झा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार समय रहते इन मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और ऐतिहासिक जन आंदोलन किया जाएगा।

भूमिहीनों को जल्द मिले जमीन का पर्चा

उन्होंने सुपौल सदर प्रखंड की एकमा पंचायत सहित जिले की सभी पंचायतों में भूमिहीन एवं बेघर परिवारों को जल्द सरकारी जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर कुछ भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया गया, लेकिन कई पात्र एवं जरूरतमंद परिवार अभी भी अपने अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तव में भूमिहीन एवं बेघर परिवारों को बिना किसी भेदभाव के शीघ्र जमीन का पर्चा देने की मांग की।

महिलाओं को रोजगार और पेंशन बढ़ाने की मांग

लक्ष्मण झा ने राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को रोजगार के लिए घोषित ₹2 लाख तक की सहायता राशि का भुगतान जल्द शुरू करने की मांग की। उन्होंने बढ़ती महंगाई को देखते हुए वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹3,000 से ₹4,000 प्रतिमाह करने की मांग की ताकि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को आर्थिक सहारा मिल सके।

जर्जर सड़कों का मुद्दा और चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी चारों मांगें आम जनता के हित से संबंधित हैं और चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment