सुपौल में बाल संरक्षण समिति की बैठक: बाल विवाह और बाल श्रम रोकने पर दिया गया जोर

Ghazala Saheb9 September 20261 min read19 viewsBihar
सुपौल में बाल संरक्षण समिति की बैठक: बाल विवाह और बाल श्रम रोकने पर दिया गया जोर

सुपौल, 09 सितंबर (हि.स.)। सदर प्रखंड कार्यालय में बुधवार को प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में बाल विवाह, बाल श्रम, विद्यालय से बाहर बच्चों तथा बच्चों के विरुद्ध हिंसा एवं शोषण की रोकथाम को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों को जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया।

जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान और कार्रवाई

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को निर्देश दिया कि जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान कर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बाल विवाह की संभावित घटनाओं की सूचना तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को देने तथा विद्यालय से बाहर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और पंचायत समिति का गठन

बाल संरक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आईसीडीएस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, श्रम, पंचायती राज एवं जीविका विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि हर बच्चे की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी संकटग्रस्त बच्चे को संरक्षण से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। बैठक में प्रत्येक पंचायत में पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया। बैठक में ग्रामीण विकास पदाधिकारी मो. सदरूल हसन, सीडीपीओ, एलईओ, उप प्रमुख एवं प्रमुख प्रतिनिधि सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment