सुपौल में कांग्रेस का चलो जड़ों की ओर अभियान शुरू, पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़ने की मुहिम तेज

सुपौल में कांग्रेस पार्टी ने जमीन से जुड़े पुराने और विश्वसनीय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने के लिए चलो जड़ों की ओर अभियान शुरू किया है। इस मुहिम के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगातार संवाद और बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
प्रखंडों में हो रही हैं बैठकें
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुपम के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजनारायण प्रसाद गुप्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष ने जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर दर्जनों सफल संवाद बैठकें की हैं। प्रतापगंज कांग्रेस कमिटी की बैठक और कई पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। पिपरा, किशनपुर, त्रिवेणीगंज और सरायगढ़-भपटियाही जैसे अन्य प्रखंडों में भी यह अभियान चलाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं में लौटा उत्साह
प्रतापगंज प्रभारी परमेश्वर कुंवर ने कहा कि निष्क्रिय हो चुके पुराने कार्यकर्ता अब सक्रिय होकर जिलाध्यक्ष से संपर्क कर रहे हैं। कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी के भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी है।
जिलाध्यक्ष अनुपम के दो मुख्य बिंदु
जिलाध्यक्ष अनुपम का मुख्य ध्यान जनता की समस्याओं का समाधान कराने और समाज के समर्पित लोगों को संगठित करने पर है। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का प्रभाव मजबूत करना उनका लक्ष्य है।