सुपौल जिला मुख्यालय में भयंकर जाम से लोग परेशान, चौक-चौराहों पर रेंग रही जिंदगी

सुपौल में जिला मुख्यालय की सड़कों पर जाम की समस्या रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दिन और रात वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं और लोगों को कुछ मिनट की दूरी तय करने में आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसना पड़ता है।
प्रमुख जाम केंद्र
शहर के महावीर चौक, लोहिया नगर चौक, स्टेशन चौक और कीर्तन भवन चौक जाम के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। सुबह बाजार खुलने से लेकर देर शाम तक इन स्थानों पर वाहनों का भारी दबाव रहता है और दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ ई-रिक्शा और टेंपो की अव्यवस्थित आवाजाही स्थिति को गंभीर बनाती है।
एम्बुलेंस के फंसने से मरीजों की बढ़ती मुश्किलें
महावीर चौक सदर अस्पताल के मुख्य मार्ग से जुड़ा होने के कारण बेहद महत्वपूर्ण है लेकिन जाम के कारण मरीजों और एंबुलेंस को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। गंभीर मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंच रही एंबुलेंस कई बार जाम में फंस जाती है और सायरन बजने के बावजूद पर्याप्त जगह नहीं मिलती है।
ई-रिक्शा और गलत पार्किंग बन रही मुख्य वजह
ई-रिक्शा और टेंपो चालकों द्वारा बीच सड़क पर वाहन रोकने और गलत दिशा में वाहन चलाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के बावजूद नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने और नियमों की अनदेखी करने से समस्या लगातार बनी हुई है।