ठाकुरगंज में सौर मेला शुरू: डीएम और एसपी ने सोलर रथ को दिखाई हरी झंडी, जानें सब्सिडी की पूरी जानकारी

किशनगंज में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए ठाकुरगंज में सौर मेला आयोजित किया गया। नगर प्रशासनिक भवन में आयोजित इस मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने किया।
मौके पर अधिकारियों ने जिलेभर में सौर ऊर्जा के प्रचार-प्रसार के लिए सोलर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सौर मेले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित विभिन्न जानकारियां आम लोगों को दी गईं।
विशेषज्ञों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सोलर पैनल की स्थापना, बिजली बिल में बचत और योजना के अन्य लाभों के बारे में उपभोक्ताओं को जानकारी दी।
बताया गया कि योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र और बिहार सरकार की ओर से कुल 98 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता मिल सकती है। एक किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर केंद्र की ओर से 30 हजार और बिहार सरकार की ओर से 10 हजार रुपये, यानी कुल 40 हजार रुपये अनुदान का प्रावधान है।
दो किलोवाट तक 60 हजार रुपये केंद्रीय एवं 20 हजार रुपये राज्य अनुदान सहित कुल 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट तक 78 हजार रुपये केंद्रीय और 20 हजार रुपये राज्य अनुदान सहित कुल 98 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त अनुदान का प्रावधान 31 मार्च 2027 तक किए जाने की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर डीएम नवीन कुमार ने कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ बिजली बिल में बचत होती है। यह स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा का बेहतर विकल्प है तथा उपभोक्ताओं को सरकारी अनुदान का भी लाभ मिलता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मुखिया, वार्ड सदस्यों और आम नागरिकों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील की।
सोलर रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को योजना की जानकारी और सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करेगा। अधिकृत सोलर विक्रेताओं एवं विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों द्वारा पात्र लाभुकों को ऋण सुविधा और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जमीनी स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया。