तुलसीदास जी की वाणी में राम केवल आराध्य नहीं, बल्कि आदर्श जीवन-मूल्यों के प्रतीक हैं : संजय सरावगी

Ghazala Saheb26 August 20262 min read35 viewsBihar
तुलसीदास जी की वाणी में राम केवल आराध्य नहीं, बल्कि आदर्श जीवन-मूल्यों के प्रतीक हैं : संजय सरावगी

पटना में सनातन संस्कृति चेतना परिषद की ओर से 'तुलसी के राम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल हुए।

तुलसीदास जी ने श्रीराम के चरित्र को जन-जन तक पहुंचाया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भगवान श्रीराम के चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। तुलसीदास जी की वाणी में राम केवल आराध्य नहीं, बल्कि समाज के लिए आदर्श जीवन-मूल्यों के प्रतीक हैं। मर्यादा, त्याग, करुणा, सत्य, सेवा और कर्तव्यबोध जैसे गुण भगवान श्रीराम के चरित्र से हमें निरंतर प्रेरणा देते हैं।

बदलते समय में प्रासंगिक हैं श्रीराम के आदर्श

उन्होंने कहा कि 'तुलसी के राम' का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना सदियों पहले था। बदलते समय में जब समाज के सामने अनेक चुनौतियां हैं, तब श्रीराम के आदर्श हमें संयम, सद्भाव और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी समृद्ध परंपरा है, जो मानवता, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देती है।

रामचरितमानस से समाज को जोड़ा

प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने रामचरितमानस के माध्यम से भारतीय समाज को संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का काम किया। आज आवश्यकता है कि हम नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, तुलसीदास जी के साहित्य और भारतीय संस्कृति की महान परंपरा से परिचित कराएं। राम के आदर्श परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

सांस्कृतिक विरासत को मिल रही दिशा

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बिहार की धरती सदियों से ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की भूमि रही है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, विधायकगण और सनातन संस्कृति चेतना परिषद के अध्यक्ष मनीष शुक्ला सहित बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment