बिहार के पूर्व मंत्री उपेन्द्रनाथ वर्मा की पुण्यतिथि पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

Ghazala Saheb28 August 20261 min read15 viewsBihar
बिहार के पूर्व मंत्री उपेन्द्रनाथ वर्मा की पुण्यतिथि पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

पटना में बिहार के पूर्व मंत्री उपेन्द्रनाथ वर्मा की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को श्रीकृष्ण स्मारक भवन परिसर में राजकीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपेन्द्रनाथ वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्व. उपेन्द्रनाथ वर्मा के परिजन मौजूद रहे।

समारोह में राज्य के कई मंत्रियों और नेताओं ने उपेन्द्रनाथ वर्मा को याद किया। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार तथा विधायक श्याम रजक ने भी उपेन्द्रनाथ वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा उपेन्द्रनाथ वर्मा की पुत्रवधू एवं विधान पार्षद कुमुद वर्मा, विधान पार्षद रवीन्द्र प्रसाद सिंह, विधान पार्षद जीवन कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत आरती पूजन से हुई और इसके बाद भजन-कीर्तन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। समारोह में उपस्थित लोगों ने उपेन्द्रनाथ वर्मा के सार्वजनिक जीवन और उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

Share:

Comments

Leave a comment