जिम्बाब्वे के खिलाफ कहर! वैष्णवी शर्मा की आईसीसी रैंकिंग में ऐतिहासिक उछाल
जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने ICC महिला वनडे रैंकिंग में 53 पायदानों की लंबी छलांग लगाई है।

भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 की क्लीन स्वीप के साथ जो दबदबा बनाया है, उसका असर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिख रहा है। आईसीसी की ताजा अपडेट के अनुसार, जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद वैष्णवी शर्मा की आईसीसी रैंकिंग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है।
वैष्णवी शर्मा का शानदार प्रदर्शन
20 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने इस सीरीज के दौरान विपक्षी बल्लेबाजों को जमकर छकाया। उनके इसी धमाकेदार प्रदर्शन का नतीजा है कि वे रैंकिंग में 53 पायदानों की लंबी छलांग लगाकर 94वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
वैष्णवी ने सीरीज के अंतिम दो मैचों में कुल नौ विकेट झटके। दूसरे वनडे में चार विकेट लेने के बाद, उन्होंने तीसरे और निर्णायक मुकाबले में महज अपने तीसरे वनडे मैच में ही 5/39 का शानदार स्पेल डालते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की। इस लाजवाब प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के खिताब से भी नवाजा गया।
अन्य भारतीय गेंदबाजों को भी मिली बढ़त
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के अन्य सदस्यों ने भी रैंकिंग में सुधार किया है:
- सायली सतघरे: अनुशासनपूर्ण गेंदबाजी के दम पर 18 पायदान चढ़कर 85वें स्थान पर पहुंच गईं। अंतिम वनडे में उन्होंने 6 ओवर में महज 2/11 का स्पेल डाला, जिसमें 30 डॉट गेंदें शामिल थीं।
- क्रांति गौड़: वे भी एक स्थान की बढ़त के साथ 24वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
बल्लेबाजी में भी भारतीय बेटियों का जलवा
भारतीय टीम की सफलता केवल गेंदबाजी तक सीमित नहीं रही, बल्कि बल्लेबाजी में भी खिलाड़ियों ने अपनी रैंकिंग सुधारी है। प्रतिका रावल ने सीरीज में लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ने के बाद रैंकिंग में तीन पायदान की बढ़त हासिल की और 18वें स्थान पर पहुंच गईं। वहीं, आक्रामक बल्लेबाजी करने वाली शेफाली वर्मा भी आठ स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 65वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की कुछ खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी मामूली सुधार देखा गया है। नोम्वेलो सिबांडा दो स्थान बढ़कर 60वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि सलामी बल्लेबाज मोडस्टर मुपाचिकवा 36वें और कप्तान जोसेफिन नकोमो 49वें स्थान पर रहीं।