कटिहार के कॉलेजों और आवासीय विद्यालयों में 25 अगस्त को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर

कटिहार में 25 अगस्त को सभी महाविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित होता है जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के जरिए छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक व छात्रावास संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।
शिकायत दर्ज करने की सुविधा और गोपनीयता
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह पहल शुरू की गई है। विद्यार्थी अपनी शिकायतें और सुझाव ऑनलाइन पोर्टल पर कभी भी दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और शिकायत दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान
शिविर में विद्यार्थी अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष भी रख सकेंगे। पोर्टल पर दर्ज सभी परिवादों का अनिवार्य रूप से 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाएगा और संबंधित आवेदक को इसकी लिखित सूचना दी जाएगी।
प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान
योजना का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग द्वारा सोशल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। वहीं शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण, एससी व एसटी कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा युवा व कौशल विकास विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर सभी स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों के आसपास बैनर-फ्लेक्स के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जागरूक कर रहे हैं।